गोरखपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गोरखपुर महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव का बुधवार को हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) के कारण अकस्मात निधन हो गया। 53 वर्षीय देवेश श्रीवास्तव को स्वास्थ्य खराब होने के बाद सावित्री अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके आकस्मिक निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
देवेश श्रीवास्तव हाल ही में गोरखपुर भाजपा की नई कार्यकारिणी में महानगर अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। उनकी कर्मठता, निष्ठा और ऊर्जावान नेतृत्व के लिए उन्हें पार्टी में व्यापक सम्मान प्राप्त था। उनके निधन की खबर फैलते ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।मुख्यमंत्री कार्यालय से x पोस्ट पर संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा गया कि “भाजपा गोरखपुर महानगर अध्यक्ष श्री देवेश श्रीवास्तव जी के आकस्मिक निधन की सूचना प्राप्त हुई। संगठन ने एक कर्मठ, निष्ठावान और ऊर्जावान कार्यकर्ता को खो दिया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
भाजपा नेता शलभ मणि त्रिपाठी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ व प्रिय साथी, गोरखपुर महानगर अध्यक्ष श्री देवेश श्रीवास्तव जी के आकस्मिक निधन की सूचना बेहद कष्टकारी और पीड़ादायक है। यह अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर में श्रीवास्तव का निधन पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। भाजपा के एक अन्य नेता भूपेंद्र सिंह ने कहा, “आपका जाना भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। परमपिता परमेश्वर दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महानगर अध्यक्ष को सीने में दर्द की शिकायत के बाद तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके परिवार में पत्नी और बच्चे हैं, जिनके लिए पार्टी नेताओं ने संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।देवेश श्रीवास्तव के निधन पर भाजपा गोरखपुर इकाई ने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके सम्मान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की योजना बनाई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
